राजदेव जनसेवा न्यास: 3 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू, जारी रहा बॉउंड्रीवाल का काम
भोपाल
राजदेव कॉलोनी में राजदेव जनसेवा न्यास की 30 हजार वर्गफीट जमीन पर बाउंड्रीवॉल का काम करा लिया गया है। अब 3 थानों हनुमानगंज, टीला जमालपुरा और गौतम नगर इलाके में कर्फ्यू हटाकर धारा 144 लगाई गई है। यहां पर अब पांच से अधिक लोग एकत्रित नहीं हो सकेंगे। साथ ही इन इलाकों में सभी तरह के धरने, प्रदर्शन और रैली पर भी रोक लागू रहेगी।
सोमवार सुबह से पुराने शहर में पहले की तरह चहल-पहल देखी गई और दुकानें खोली गई। लोगों के आवागमन के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट सहित अन्य साधन शुरू हो गए हैं। पुलिस-प्रशासन ने आज भी सुरक्षा के लिहाज से तीनों थाना क्षेत्र में करीब एक हजार पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही कई तहसीलदार, एसडीएम, इंस्पेक्टर स्तर के अफसरों की भी ड्यूटी लगाई गई है। यहां पर प्रशासन द्वारा वाहनों से एलांउस कराया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार अब पूरे शहर में पहले की तरह ट्रैफिक सामान्य है। लेकिन धारा 144 के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्र में इसे आवश्यकतानुसार परिवर्तित भी किया जा सकता है। यदि प्रशासन को जरूरत पड़ी, तो वे इस संबंध में निर्देश जारी करेंगे। वहीं, प्रशासन ने पुराने भोपाल के शाहजहांनाबाद, छोला मंदिर, निशातपुरा, तलैया, मंगलवारा, अशोका गार्डन, ऐशबाग, जहांगीराबाद, स्टेशन बजरिया, बैरसिया और नजीराबाद थाना क्षेत्र में धारा 144 हटा दी गई है।
भोपाल के हनुमानगंज, गौतम नगर और टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो रहीं हैं। देर रात कलेक्टर के आदेश के बाद तीनों थाना क्षेत्र से कर्फ्यू तो हटा दिया गया है, लेकिन अब वहां धारा 144 लगा दी गई है। इसके बाद इन थाना क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही सामान्य हो गई है। इन इलाकों में अब भी पुलिस की सख्ती और चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। पूरे इलाके की स्थिति पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह नजर बनाए हुए है। इसको लेकर लगातार जानकारियां जुटाई जा रही हैं। संभावना है कि अभी करीब दो दिन तक यहां पर सख्ती रहेगी। खासकर कबाड़खाना के आसपास के इलाकों में। ऐसे में पुलिस कम से कम दो दिन तक यहां पर लगातार गश्त और चेकिंग प्वाइंट पर तैनात रहेगी।

पाठको की राय